रायखेड़ा अडानी फैक्ट्री में मजदूरों के दो गुट भिड़े, जमकर तोड़फोड़ के बाद पुलिस पर हमला, थाना प्रभारी समेत कई जवान घायल

रायपुर : छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। खरोरा थाना क्षेत्र के रायखेड़ा स्थित अडानी फैक्ट्री में मजदूरों के दो गुटों के बीच विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। बिहार और छत्तीसगढ़ के मजदूरों के बीच हुई झड़प के बाद फैक्ट्री परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ हुई। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस टीम को भी मजदूरों के विरोध का सामना करना पड़ा और उन पर हमला कर दिया गया।
शराब बिक्री के विरोध से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री परिसर में कथित तौर पर शराब बेचे जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। कुछ मजदूरों द्वारा परिसर में शराब बेचने का विरोध किया गया। इसको लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर मामला दो गुटों के बीच झड़प तक पहुंच गया।बताया जा रहा है कि स्थानीय ग्रामीण भी फैक्ट्री परिसर में शराब की बिक्री का विरोध कर रहे थे। इसी मुद्दे को लेकर मजदूरों के बीच तनाव बढ़ता गया और कुछ ही देर में स्थिति बेकाबू हो गई।
हंगामे के दौरान सरपंच की गाड़ी में भी तोड़फोड़
विवाद बढ़ने के बाद फैक्ट्री परिसर में मजदूरों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी में भी तोड़फोड़ किए जाने की जानकारी सामने आई है। अचानक बिगड़े हालात के चलते इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
समझाने पहुंची पुलिस पर भी बरसी भीड़
फैक्ट्री में हंगामे की सूचना मिलने के बाद खरोरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। हालांकि, आक्रोशित मजदूरों ने पुलिसकर्मियों पर ही हमला कर दिया।इस घटना में खरोरा थाना प्रभारी समेत कई पुलिस जवानों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालात को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई।




