हाथियों का आतंक, एक दर्जन से अधिक स्कूलों में छुट्टी, कबरा हाथी को पकड़ने का रेस्क्यू अभियान फिर नाकाम

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर वनपरिक्षेत्र में जंगली हाथियों की लगातार मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। हाथियों के झुंड के विचरण और संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने सायर संकुल और सुखरी भंडार क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। दूसरी ओर, पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में घूम रहे कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने की वन विभाग की कोशिश लगातार दूसरे दिन भी सफल नहीं हो सकी। तैमोर पिंगला अभ्यारण्य से बुलाए गए दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीर्थराज की मदद से विशेषज्ञों ने दिनभर अभियान चलाया, लेकिन कबरा हाथी उनकी पकड़ में नहीं आया।
17 हाथियों के झुंड में शामिल हुआ कबरा, रातभर जंगल में मची हलचल
मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी प्रणय मिश्रा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ग्राम सायर में डेरा डालकर हाथी को पकड़ने का प्रयास कर रही है। शुक्रवार देर शाम कबरा हाथी करीब ढाई महीने से उदयपुर क्षेत्र में विचरण कर रहे 17 सदस्यीय हाथियों के झुंड में शामिल हो गया था।
इसके बाद रात में सायर बाजार के नजदीक जंगल से हाथियों के चिंघाड़ने और तेज आवाज में दौड़ने की घटनाएं सामने आईं। इससे झुंड के भीतर वर्चस्व को लेकर संघर्ष होने की आशंका जताई गई। देर रात तक जारी इस हलचल के कारण आसपास के गांवों में लोग भयभीत रहे।
बच्चों की सुरक्षा के लिए एक दर्जन से अधिक स्कूल बंद
जंगल के आसपास हाथियों की सक्रियता को देखते हुए प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए छुट्टी का निर्णय लिया है। सायर संकुल और सुखरी भंडार क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक स्कूलों में एहतियातन अवकाश घोषित किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा के अनुसार, क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी और संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्वयं संकुल केंद्रों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को भी इसकी सूचना देकर अवकाश सुनिश्चित कराया है।
कुमकी हाथियों से भी दूरी बना रहा कबरा
कबरा हाथी को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए वन विभाग ने तैमोर पिंगला अभ्यारण्य से कुमकी हाथी दुर्योधन और तीर्थराज को बुलाया है। योजना के अनुसार, प्रशिक्षित हाथियों की सहायता से कबरा को करीब लाकर बेहोश किया जाना है, ताकि उसके गले में रेडियो कॉलर लगाया जा सके और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
हालांकि, कुमकी हाथियों की मौजूदगी का पता चलते ही कबरा दूसरी दिशा में चला जाता है। शनिवार को भी विशेषज्ञों की टीम उसके पास पहुंचने की तैयारी कर रही थी, लेकिन उनके मौके पर पहुंचने से पहले ही वह 17 सदस्यीय झुंड से अलग होकर दूसरी ओर निकल गया। शाम होने के कारण टीम उसकी लोकेशन दोबारा हासिल नहीं कर सकी।
रेस्क्यू देखने पहुंच रहे ग्रामीण, वन विभाग ने जारी की चेतावनी
कबरा हाथी को पकड़ने के लिए चल रहे अभियान को देखने जंगल के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच रहे हैं। कुमकी हाथियों को करीब से देखने को लेकर लोगों में उत्सुकता भी है। लेकिन आसपास जंगली हाथियों के झुंड की मौजूदगी के कारण खतरा लगातार बना हुआ है।
वन विभाग की टीम लोगों को जंगल से दूर रहने और हाथियों के नजदीक नहीं जाने की सलाह दे रही है। गजराज वाहन और लाउडस्पीकर के जरिए आसपास की बस्तियों में मुनादी कराई जा रही है। ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और हाथियों की गतिविधियों से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
हथिनी की मौत वाले स्थान के आसपास पहुंचा हाथियों का झुंड
शनिवार सुबह हाथियों का दल सुखरी भंडार के जंगल में उस स्थान के आसपास पहुंचा, जहां पहले एक हथिनी की मौत हुई थी। वन विभाग के अधिकारियों और विशेषज्ञों ने पूरे दिन झुंड की गतिविधियों पर नजर रखी, लेकिन कबरा को ट्रेंकुलाइज करने के लिए अनुकूल परिस्थिति नहीं बन सकी।
टीम ने जंगल में अलाव जलाकर निगरानी जारी रखी और हाथी के नजदीक आने का इंतजार किया। अधिकारियों के अनुसार, रविवार को एक बार फिर कुमकी हाथियों की सहायता से कबरा की तलाश और ट्रेंकुलाइज करने का प्रयास किया जाएगा।
फिलहाल वन विभाग के सामने कबरा हाथी को सुरक्षित पकड़ने के साथ ही आसपास के ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती बनी हुई है।




