रायपुर में नाबालिग का प्रसव कराने वाले दो डॉक्टर गिरफ्तार, नवजात का शव नाली में मिला था

रायपुर। गोबरा नवापारा में नाबालिग के प्रसव और नवजात शिशु का शव नाली में मिलने के मामले में पुलिस ने दो डॉक्टरों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस ने इस प्रकरण में कुल छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोप में एक युवक पर कार्रवाई की गई है, जबकि नवजात का शव नाली में फेंकने के मामले में नाबालिग को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गोबरा नवापारा के आयुष्मान अस्पताल में नाबालिग का प्रसव कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों और ओपीडी कर्मी ने इस मामले की जानकारी पुलिस को नही दी, जबकि कानून के तहत इसकी सूचना देना जरूरी था।
नाली में मिला था नवजात का शव
पुलिस को 31 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे नाली में नवजात का शव मिलने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसी आधार पर पुलिस की जांच आयुष्मान अस्पताल तक पहुंची।
विवेचना में पता चला कि 30 और 31 अक्टूबर की दरम्यानी रात एक 17 वर्षीय नाबालिग ने अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, नवजात जन्म के समय जीवित था। इसके बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मर्ग जांच शुरू की।
प्रेम प्रसंग में शोषण और गर्भवती होने पर दवाएं देने का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया कि कोलियारी निवासी दौलत चक्रधारी ने प्रेम प्रसंग के बहाने मजदूर परिवार की 17 वर्षीय नाबालिग का शोषण किया। नाबालिग के गर्भवती होने पर उसे दवाइयां भी दी गईं।
पुलिस के अनुसार, पेट में अचानक दर्द होने पर नाबालिग की मां और परिवार के अन्य लोग उसे आयुष्मान अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां ओपीडी में तैनात कर्मचारी चुम्मन साहू ने उसकी भर्ती पर्ची तैयार की। उस रात अस्पताल में दोनों डॉक्टर ड्यूटी पर थे और उन्होंने नाबालिग का प्रसव कराया।
सूचना नही देने पर डॉक्टरों और कर्मचारी पर कार्रवाई
पुलिस का आरोप है कि अस्पताल के दोनों डॉक्टरों और ओपीडी कर्मचारी ने पॉक्सो एक्ट की धारा 19 के तहत तय कानूनी जिम्मेदारी का पालन नही किया। नाबालिग के गर्भवती होने और उसके उपचार व प्रसव की जानकारी पुलिस को नही दी गई।
इसी आधार पर पुलिस ने डॉक्टर डॉ. बुधपाल सिंह, डॉ. प्रदीप यादव और ओपीडी कर्मचारी चुम्मन साहू समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
इन आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
डॉ. प्रदीप यादव (31 वर्ष): मूल निवासी अमेठी, उत्तर प्रदेश; वर्तमान पता हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नवापारा।
दौलत चक्रधारी (20 वर्ष): निवासी कोलियारी, गोबरा नवापारा। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में कार्रवाई।
चुम्मन साहू (23 वर्ष): निवासी कुरुसकेरा, थाना राजिम। आयुष्मान अस्पताल में ओपीडी कर्मचारी।
डॉ. बुधपाल सिंह (38 वर्ष): निवासी अनुव्रत विहार, टीचर्स कॉलोनी, कोटा, रायपुर।




