छत्तीसगढ़

रायपुर की मशहूर चौपाटी के लिए नए नियम लागू, रात 9 बजे से पहले नहीं खुलेंगी दुकानें

 रायपुर। राजधानी रायपुर के लोकप्रिय स्ट्रीट फूड ठिकानों में शामिल चौपाटी के संचालन को लेकर प्रशासन ने नई व्यवस्था तय की है। अब चौपाटी रात 9 बजे से लेकर देर रात 1 बजे तक ही संचालित की जा सकेगी। इसके साथ ही दुकानों के सामने खाली जगह के इस्तेमाल को लेकर भी नियम निर्धारित किए गए हैं। इस व्यवस्था के तहत स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही उनके सामने की जगह पर चौपाटी लगाई जा सकेगी।प्रशासन का उद्देश्य चौपाटी संचालन को व्यवस्थित करने के साथ सड़कों पर लगने वाले जाम, अतिक्रमण और गंदगी की समस्या पर नियंत्रण करना है।

दुकानदारों पर दुकान बंद करने का दबाव नहीं बना सकेंगे संचालक

नई व्यवस्था में इस बात को स्पष्ट किया गया है कि चौपाटी संचालक किसी स्थायी दुकानदार को निर्धारित समय से पहले दुकान बंद करने के लिए मजबूर नहीं कर सकते। यदि किसी संचालक की ओर से ऐसा दबाव बनाया जाता है, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इन नियमों को लेकर सोमवार को यातायात सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस विभाग, नगर निगम, व्यापारी संगठनों और चौपाटी संचालकों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में चौपाटी के संचालन से जुड़े नियमों और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा हुई।

सड़क और फुटपाथ पर नहीं लगेंगी कुर्सियां और टेबल

प्रशासन ने चौपाटी संचालकों को निर्देश दिए हैं कि ग्राहकों के बैठने के लिए सड़क या फुटपाथ पर कुर्सियां और टेबल नहीं रखी जाएं। ऐसी व्यवस्था से पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी होती है और वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है।इसके अलावा प्रत्येक चौपाटी संचालक को अपने ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग के लिए खुद उचित इंतजाम करना होगा। मुख्य सड़क पर वाहनों को खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। इसका मकसद सड़क पर जाम की स्थिति बनने से रोकना है।

गीले और सूखे कचरे के लिए रखने होंगे अलग डस्टबिन

चौपाटी में स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रत्येक स्टॉल पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। चौपाटी का संचालन समाप्त होने के बाद पूरे परिसर की सफाई कराने की जिम्मेदारी भी संबंधित संचालक की होगी।प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों की बार-बार अनदेखी करने वाले संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लगातार उल्लंघन की स्थिति में संबंधित चौपाटी को स्थायी रूप से बंद भी कराया जा सकता है।

पार्किंग और अतिक्रमण पर पुलिस-निगम की संयुक्त नजर

चौपाटी क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग, गंदगी और अतिक्रमण की शिकायतों पर अब यातायात पुलिस तथा नगर निगम की संयुक्त टीम कार्रवाई करेगी। टीम मौके पर पहुंचकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कदम उठाएगी।इससे चौपाटी के आसपास यातायात सुचारू रखने और आम लोगों को होने वाली परेशानियों को कम करने की कोशिश की जाएगी।

एमजी रोड चौपाटी बंद रहने से फैली थी असमंजस की स्थिति

सोमवार को प्रशासनिक बैठक के चलते एमजी रोड स्थित चौपाटी पूरे दिन बंद रही। इसके बाद शहर में चौपाटी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि संचालकों ने किसी तरह के विरोध की बात से इनकार किया है।उनका कहना है कि वे प्रशासन के फैसले के साथ हैं और निर्धारित दिशा-निर्देशों के मुताबिक ही कारोबार करेंगे। नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब चौपाटी संचालकों को समय सीमा, पार्किंग, स्वच्छता और अतिक्रमण से जुड़े सभी नियमों का पालन करना होगा।

Related Articles

Back to top button