छत्तीसगढ़

पाइल्स ऑपरेशन के दौरान युवक की मौत का आरोप, कार्रवाई की मांग लेकर कलेक्टर पहुंचे परिजन

 रायगढ़  : खरसिया सिविल अस्पताल में पाइल्स का ऑपरेशन कराने पहुंचे एक युवक की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। कार्रवाई नहीं होने से नाराज मृतक के परिजन मंगलवार को कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे और निष्पक्ष जांच के साथ जिम्मेदार डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग की।

कलेक्टर को सौंपा शिकायत पत्र

मृतक तामेश्वर शर्मा के पिता रावेन्द्र प्रसाद शर्मा ने कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया कि उनके छोटे बेटे तामेश्वर शर्मा ने 25 जून को खरसिया सिविल अस्पताल में पाइल्स के ऑपरेशन के लिए भर्ती लिया था।आवेदन के अनुसार, अस्पताल में डॉ. विक्रम राठिया और डॉ. सजन अग्रवाल ने उसका ऑपरेशन किया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही के कारण तामेश्वर की मौत हो गई।

मौत छिपाने का भी लगाया आरोप

परिजनों ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद मामले को छिपाने की कोशिश की गई। उनका कहना है कि युवक की मौत होने के बावजूद उसे एम्बुलेंस से तत्काल रायगढ़ के मेट्रो अस्पताल रेफर कर दिया गया।रिश्तेदारों का दावा है कि मेट्रो अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि युवक की मौत पहले ही हो चुकी थी और उसकी मृत्यु खरसिया सिविल अस्पताल में ही हुई थी।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

परिजनों ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि इलाज में लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।फिलहाल प्रशासन ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button