नई नियुक्तियों के बाद फिर उठा संगठन का मुद्दा, डोंगरगढ़ भाजपा में एक और इस्तीफे से बढ़ी हलचल

डोंगरगढ़ : भाजपा में चल रही अंदरूनी हलचल एक बार फिर चर्चा में आ गई है। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की नई जिला कार्यकारिणी घोषित होने के अगले ही दिन डोंगरगढ़ मंडल के सह संयोजक पंकज अग्रवाल ने पार्टी की जिम्मेदारियों से इस्तीफा दे दिया। इससे संगठन के भीतर चल रहे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
आईटी सेल और पार्टी पदों से दिया इस्तीफा
पंकज अग्रवाल ने भाजपा जिलाध्यक्ष को भेजे इस्तीफे में बताया कि वे भाजपा आईटी सेल में अपनी सेवाएं दे रहे थे, लेकिन व्यक्तिगत और व्यावसायिक व्यस्तताओं के कारण संगठन को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने आईटी सेल की जिम्मेदारी सहित पार्टी के सभी पदों से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।उन्होंने पार्टी नेतृत्व से मिले अवसर, सहयोग और विश्वास के लिए आभार जताते हुए भविष्य में संगठन के प्रति सम्मान बनाए रखने की बात कही है।
लगातार इस्तीफों से पहले ही चर्चा में है डोंगरगढ़ भाजपा
पंकज अग्रवाल का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब डोंगरगढ़ भाजपा में पिछले कुछ समय से संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। इससे पहले 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे, फिर कई नेताओं के पद छोड़ने और पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष सुमित मिश्रा के इस्तीफे व बाद में वापसी जैसे घटनाक्रम सामने आ चुके हैं।इन घटनाओं ने संगठन के भीतर चल रही नाराजगी और मतभेदों को सार्वजनिक कर दिया है।
नई नियुक्तियों के बीच चुनौती बनी संगठन की एकजुटता
हालांकि पंकज अग्रवाल ने अपने इस्तीफे में किसी भी पदाधिकारी या संगठन के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया है और निजी कारणों को वजह बताया है। इसके बावजूद लगातार हो रहे इस्तीफों ने पार्टी संगठन की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।अब निगाहें भाजपा नेतृत्व पर हैं कि वह कार्यकर्ताओं के बीच बढ़ रही नाराजगी को दूर करने और संगठन में एकजुटता बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाता है।




