छत्तीसगढ़

दो ग्रामीणों की जान लेने वाली भालू की मौत, जांच में रेबीज संक्रमण की हुई पुष्टि

कांकेर। जिले के मरकाटोला गांव में हुए भालू हमले के मामले में नया अपडेट सामने आया है। ग्रामीणों पर हमला करने वाली मादा भालू की रायपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई है। जांच रिपोर्ट में भालू के रेबीज से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इस मामले की जानकारी वन विभाग के डीएफओ रौनक गोयल ने दी है।

भालू के हमले में सगे भाई-बहन की हुई थी मौत

मरकाटोला गांव में दो दिन पहले मादा भालू ने अचानक हमला कर दिया था। इस हमले में सगे भाई-बहन समेत दो ग्रामीणों की मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और भालू को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

रेस्क्यू के दौरान भालू ने किया था वाहन पर हमला

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मादा भालू लगातार आक्रामक व्यवहार कर रही थी। उसे काबू करने की कोशिश में उसने वन विभाग के वाहन पर भी हमला कर दिया था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वनकर्मियों ने बेहद सावधानी से अभियान चलाया। साथ ही ग्रामीणों को घरों से बाहर नहीं निकलने और जंगल क्षेत्र की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई थी।

रायपुर में चल रहा था इलाज, जांच में सामने आया रेबीज संक्रमण

रेस्क्यू के बाद मादा भालू को बेहतर उपचार के लिए रायपुर भेजा गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद हुई जांच में उसके शरीर में रेबीज संक्रमण की पुष्टि हुई।

वन विभाग अब इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें।

Related Articles

Back to top button