नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 15 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार

दुर्ग : भिलाई में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 15 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से मादक पदार्थ के अलावा एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। जब्त हेरोइन की कीमत 3 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल, आरोपी नहीं बच सका
पुलिस को 6 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक जुनवानी से खम्हरिया की ओर हेरोइन लेकर जा रहा है और उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने रणनीति बनाकर इलाके में घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को रोककर जांच की।
तलाशी में दो पैकेटों से मिली हेरोइन
पुलिस पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवक की पहचान हर्ष सिंह के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो अलग-अलग पैकेटों में रखी कुल 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके साथ ही रेडमी कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
जब्त सामान की कीमत पहुंची करीब 3.70 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार बरामद 15 ग्राम हेरोइन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 3 लाख 40 हजार रुपये है। वहीं जब्त किए गए मोबाइल फोन को मिलाकर कुल जब्ती का मूल्य लगभग 3 लाख 70 हजार रुपये आंका गया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी का संबंध नशे के किसी बड़े नेटवर्क से तो नहीं है।




