ED की जांच का दायरा बढ़ा, दुर्ग में रियल एस्टेट कारोबारियों के ठिकानों पर पहुंची टीम

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई का दायरा बढ़ता नजर आ रहा है। गुरुवार को ED की टीम ने रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े कारोबारी सजल जैन और विश्वास गुप्ता के निवास और व्यावसायिक ठिकानों पर जांच शुरू की।बताया जा रहा है कि टीम दुर्ग के जैन गली स्थित ठिकानों पर पहुंची। करीब तीन वाहनों में पहुंचे 12 से अधिक अधिकारियों के साथ सुरक्षा के लिए CRPF के जवान भी तैनात किए गए हैं।
रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े इनपुट के बाद कार्रवाई
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े ठिकानों पर चल रही जांच के दौरान मिले दस्तावेजों और अन्य इनपुट के आधार पर ED की कार्रवाई रियल एस्टेट कारोबारियों तक पहुंची है। टीम संबंधित परिसरों में दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य जरूरी जानकारी की जांच कर रही है।हालांकि, कार्रवाई पूरी होने से पहले यह स्पष्ट नहीं है कि जांच एजेंसी को तलाशी के दौरान कोई महत्वपूर्ण दस्तावेज या अन्य साक्ष्य मिले हैं या नहीं।
रायपुर और धमतरी में भी जारी है ED की जांच
इससे पहले ED ने कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के ठिकानों पर कार्रवाई की। जांच के दायरे में जीडी लॉजिस्टिक के संचालक और डॉक्टर कमलेश्वर अग्रवाल के भाई अनूप अग्रवाल के रविनगर स्थित घर और कार्यालय समेत कई स्थान शामिल बताए गए हैं।वहीं, रामगोपाल अग्रवाल के भतीजे प्रतीक अग्रवाल के धमतरी स्थित आवास पर भी जांच की जानकारी सामने आई है। दुर्ग में रियल एस्टेट कारोबारियों के ठिकानों तक पहुंची ED की कार्रवाई से जांच का दायरा और व्यापक होने के संकेत मिल रहे हैं।फिलहाल विभिन्न स्थानों पर जांच जारी है। कार्रवाई पूरी होने और ED की ओर से आधिकारिक जानकारी आने के बाद ही तलाशी में मिले दस्तावेजों, कथित वित्तीय लेनदेन या आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




