Raipur Action: आवासीय इलाके में चल रहे 6 कारोबार पर निगम का बड़ा एक्शन, सील हुए प्रतिष्ठान…जानें किन संस्थानों पर गिरी गाज

रायपुर : आवासीय इलाकों के भीतर बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चल रहे अभियान के तहत नगर निगम जोन क्रमांक 9 की टीम ने वीआईपी एस्टेट में छह व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया।यह कार्रवाई पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड क्रमांक 9 में अशोका रतन के सामने स्थित क्षेत्र में की गई। निगम की टीम ने कार्रवाई के दौरान सभी संबंधित परिसरों का स्थल पंचनामा भी तैयार किया।
नोटिस के बाद भी जारी था कारोबार
नगर निगम के मुताबिक, संबंधित संचालकों को पहले ही नियमानुसार नोटिस जारी कर आवासीय क्षेत्र में संचालित व्यावसायिक गतिविधियां बंद करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद प्रतिष्ठानों का संचालन जारी रहा।निर्देशों की अनदेखी सामने आने के बाद निगम की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित परिसरों में ताला लगाकर उन्हें सीलबंद कर दिया। निगम ने संकेत दिया है कि अनुमति के बिना आवासीय क्षेत्रों में व्यवसाय चलाने वालों पर आगे भी इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर से लेकर पुलिस टीम तक रही मौजूद
अभियान जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर चलाया गया। जोन 9 के जोन कमिश्नर राकेश शर्मा के मार्गदर्शन में निगम की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।मौके पर कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, सहायक अभियंता सैयद जोहेब, उप अभियंता रविप्रभात साहू समेत नगर निवेश विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम मुख्यालय की नगर निवेश उड़नदस्ता टीम के साथ रायपुर जिला पुलिस कमिश्नरेट की टीम ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
इन 6 प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई
नगर निगम की सूची के अनुसार वीआईपी एस्टेट में जिन परिसरों को सील किया गया, उनमें शामिल हैं:
- प्लॉट नंबर B77-78: मोमोस ब्रदर कैफे
- प्लॉट नंबर B79: पिकल बॉल क्लब
- प्लॉट नंबर B120: श्री महादेव मार्केटिंग
- प्लॉट नंबर C53: बैकयार्ड कैफे
- प्लॉट नंबर C90: रेनबो किड्स स्कूल
- प्लॉट नंबर C99: हर हाईनेस ब्यूटी पार्लर
निगम ने कार्रवाई जारी रखने के दिए संकेत
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि आवासीय क्षेत्रों में बिना वैध अनुमति व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों के अनुसार, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित परिसरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




