छत्तीसगढ़

सीआईएसएफ जवानों की मानवीय पहल: नक्सल प्रभावित आदिवासी गांव में बांटी राहत सामग्री, ग्रामीणों के चेहरे खिले

दुर्जन सिंह

जवानों के स्वैच्छिक आर्थिक सहयोग से दुमरी पालनार के जरूरतमंद परिवारों को मिले कंबल, बच्चों को गर्म जैकेट व खेल सामग्री, ग्रामीणों के साथ किया भोजन

बचेली – देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही बीआईओएम बचेली की सरकारी परियोजना एवं संस्थानों की सुरक्षा का दायित्व निभा रही सीआईएसएफ इकाई बीआईओएम बचेली सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति भी अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दे रही है। इसी क्रम में मानवीय संवेदनशीलता एवं सेवाभाव की मिसाल पेश करते हुए इकाई के अधिकारियों एवं जवानों ने अपने स्वैच्छिक आर्थिक सहयोग से बैलाडीला पहाड़ी की तराई में स्थित, आकाश नगर से लगभग 09 किलोमीटर दूर, जिला बीजापुर की तहसील गंगालूर के दुर्गम एवं नक्सल प्रभावित ग्राम दुमरी पालनार के जरूरतमंद आदिवासी परिवारों की सहायता के लिए सराहनीय पहल की।


जवानों के स्वैच्छिक आर्थिक योगदान से ग्रामीणों को बड़ी संख्या में कंबल, बच्चों को गर्म जैकेट एवं खेलने के लिए गेंदें तथा परिवारों के लिए मच्छरदानियां वितरित की गईं। कार्यक्रम के दौरान सीआईएसएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने ग्रामीणों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन भी किया। इस आत्मीय पहल का उद्देश्य केवल जरूरतमंद परिवारों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि सुरक्षा बल एवं स्थानीय आदिवासी समुदाय के बीच आपसी विश्वास, आत्मीयता और सहयोग की भावना को और अधिक मजबूत करना भी था।


कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम दुमरी पालनार के मुखिया श्री छोटू कोवासी एवं ग्राम कडमपाल के श्री सोनूराम मुड़ामी का विशेष सहयोग रहा। उनके सहयोग से ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित हुई।


सीआईएसएफ जवानों की इस पहल से ग्रामीणों में विशेष प्रसन्नता देखने को मिली। बच्चों को गर्म कपड़ों एवं खेल सामग्री की उपलब्धता तथा जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री मिलने से ग्रामीणों ने जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने सीआईएसएफ एवं परियोजना प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही एम्बुलेंस सुविधा के प्रति भी आभार जताया। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने पर उन्हें पहले पैदल आकाश नगर तक आने के बाद सीआईएसएफ के सहयोग से परियोजना की एम्बुलेंस के माध्यम से लगभग 21 किलोमीटर दूर स्थित बचेली अस्पताल तक पहुंचने में सहायता मिलती है। दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्र में उपलब्ध यह सुविधा ग्रामीणों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हो रही है।


उल्लेखनीय है कि सीआईएसएफ इकाई बीआईओएम बचेली देश के आर्थिक विकास में योगदान देने वाली महत्वपूर्ण सरकारी परियोजना एवं संस्थानों की सुरक्षा पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ सुनिश्चित कर रही है। इसके साथ ही स्थानीय जनजातीय समुदाय के कल्याण, जनसहभागिता एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।
सीआईएसएफ की यह पहल इस बात का सशक्त उदाहरण है कि वर्दी का दायित्व केवल देश की महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं सरकारी संस्थाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता, मानवीयता एवं सेवा भाव बनाए रखना भी उसका अभिन्न अंग है। सुरक्षा के साथ सेवा और विश्वास के साथ सहभागिता ही सीआईएसएफ की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

Related Articles

Back to top button