छत्तीसगढ़

ईपीएस-95 पेंशन वृद्धि हेतु देशव्यापी अभियान के अंतर्गत रायपुर में धरना एवं ज्ञापन सौंपा गया

बचेली /दंतेवाडा। देशव्यापी अभियान के क्रम में दिनांक 27 मार्च 2026 को राष्ट्रीय संघर्ष समिति, छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा राज्य अध्यक्ष श्री एल. एम. सिद्दीकी के नेतृत्व में भविष्य निधि संगठन (EPFO) कार्यालय, रायपुर के समक्ष लगभग दो घंटे का शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया।

धरना उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 से भेंट कर केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय संघर्ष समिति के राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत आयोजित किया गया, जिसके अंतर्गत देशभर में EPFO कार्यालयों में जाकर आयुक्तों के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किए जा रहे हैं।

ज्ञापन में “श्रम, वस्त्र एवं कौशल विकास संबंधी संसदीय समिति” की हालिया सिफारिशों को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की गई है। उक्त समिति, जिसके अध्यक्ष भाजपा सांसद श्री बसवराज हैं, ने दिनांक 17 मार्च 2026 को अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट उल्लेख किया है कि ईपीएस-95 पेंशनर्स को वर्तमान में प्राप्त ₹1000 की न्यूनतम पेंशन अत्यंत अपर्याप्त है। अतः, यथार्थवादी दृष्टिकोण अपनाते हुए न्यूनतम पेंशन में शीघ्र एवं समुचित वृद्धि की आवश्यकता पर बल दिया गया है तथा इस विषय पर तत्काल समीक्षा की अनुशंसा की गई है।

राष्ट्रीय स्तर पर समिति के अध्यक्ष कमांडर अशोक राउत एवं महासचिव श्री वीरेंद्र सिंह राजावत के नेतृत्व में चलाया जा रहा यह अभियान सरकार पर सकारात्मक दबाव बनाकर पेंशन वृद्धि सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री के नाम भी देशभर में जिला कलेक्टरों के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किए जा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ में राज्य अध्यक्ष श्री एल. एम. सिद्दीकी के निर्देशन में विभिन्न जिलों में ज्ञापन सौंपने का क्रम निरंतर जारी है। अब तक कांकेर में श्री पी. आर. वट्टी, दुर्ग में श्री उमेश उपाध्याय, बचेली (दंतेवाड़ा) में श्री एस. सी. सिंह, कोरबा में श्री पी. एल. सोनी, जगदलपुर में श्री एम. एम. जिलान, किरंदुल (दंतेवाड़ा) में श्री एस. आर. कश्यप तथा राजनांदगांव में श्री आर. के. वर्मा के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। यह अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button