अन्य खबरें

दुर्ग में सिलेंडर ब्लास्ट से 4 लोग जिंदा जले, शॉर्ट सर्किट से लगी थी आग



मृतकों में 2 बहनें, पिता, डेढ़ साल की बच्ची शामिल


दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार को सिलेंडर ब्लास्ट होने से एक ही परिवार के 4 लोग जिंदा जल गए। मृतकों में 2 बहनें, पिता और एक डेढ़ साल की बच्ची शामिल है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है। यह मामला कुम्हारी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक कुम्हारी स्थित मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। आग किचन तक पहुंच गई, जिससे गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि आग की लपटों ने पूरे मकान को चपेट में ले लिया। घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर निकल नहीं सके और जिंदा जल गए। आसपास के लोगों ने धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग काफी विकराल हो चुकी थी। इसके बाद घर के अंदर से चार लोगों के शव बरामद किए गए।
डेढ़ साल की बेटी की भी मौत
बताया जा रहा है कि जिस वक्त हादसा हुआ, उस समय घर में 2 बहनें मौजूद थीं। इनमें से एक शादीशुदा थी, जिसकी डेढ़ साल की बेटी भी घर में थी। घर में दोनों बहनों के पिता भी मौजूद थे। हादसा इतना भयावह था कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
शॉर्ट सर्किट से लगी थी आग
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर में पहले इलेक्ट्रिक वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। आग छत के रास्ते फैलते हुए किचन तक पहुंच गई। इसके बाद आग की चपेट में सिलेंडर आ गया, जिससे जोरदार ब्लास्ट हुआ।
संभलने का मौका तक नहीं मिला
हादसे के वक्त सभी लोग घर में सो रहे थे और धमाके के कारण उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिल पाया। हादसे के बाद घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। मौके से जले हुए शव बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
000

Related Articles

Back to top button