सनसनीखेज वारदात: स्टील कारोबारी पर चाकू से हमला, कमरे के विवाद ने लिया हिंसक रूप

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में देर रात एक बड़ी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के बन्नाक चौक स्थित सरस्वती स्टील के संचालक और डीएसपी के भाई पशुपतिनाथ मिश्रा पर चाकू से हमला किया गया। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कमरे में संदिग्ध स्थिति से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार कारोबारी पशुपतिनाथ मिश्रा ने कुछ लोगों को अपने घर के बाहर बने एक कमरे में रहने की अनुमति दी थी। 17 मई की रात लगभग साढ़े नौ बजे उन्हें कमरे से संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं।जब उन्होंने दरवाजा खुलवाया तो अंदर एक युवक और युवती मौजूद थे। पूछताछ में युवक ने अपना नाम घनश्याम धनकर बताया।
कमरा खाली करने को कहा तो बढ़ा तनाव
मिश्रा परिवार ने इस स्थिति पर आपत्ति जताते हुए दोनों को कमरा खाली करने के लिए कहा। उस समय युवक ने माफी मांगकर वहां से चले जाने की बात कही।लेकिन आरोप है कि रात करीब साढ़े दस बजे वह युवक अपने साथियों के साथ दोबारा वहां पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही दरवाजा खोला गया, आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए हमला कर दिया।
चाकू से हमला, परिवार भी हुआ घायल
हमले में कारोबारी की जांघ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। बीच बचाव करने आई उनकी पत्नी को भी हल्की चोट लगी है। आरोपियों ने बाद में दरवाजा तोड़ने और पत्थरबाजी की कोशिश भी की।शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।
पुरानी चाबी और बढ़ता विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि एक कर्मचारी ने कमरे की चाबी अपने दोस्त को दे दी थी, जिसके बाद वही युवक अपनी प्रेमिका के साथ वहां पहुंचा था। बाद में विवाद बढ़ने पर मामला हिंसा में बदल गया।पुलिस ने सिरगिट्टी थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।




