छत्तीसगढ़

108 एंबुलेंस सेवा की लापरवाही पर प्रशासन सख्त, जिला कोऑर्डिनेटर को जारी किया कारण बताओ नोटिस

कोड़ागांव। ग्राम बेलभाटा, बड़ेडोंगर में सड़क हादसे के बाद घायल मरीज को समय पर 108 एंबुलेंस सेवा नहीं मिलने का मामला प्रशासन की गंभीर नजर में आ गया है। आपातकालीन सेवा में हुई इस देरी को लेकर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अश्वन कुमार पुसाम ने कड़ा कदम उठाते हुए 108 एंबुलेंस सेवा के जिला कोऑर्डिनेटर रूपेश सिन्हा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

रात 8 बजे सूचना, दो घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस

जानकारी के अनुसार, 19 जून 2026 को ग्राम बेलभाटा में हुए सड़क हादसे के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसगांव लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर किए जाने की स्थिति बनी, जिसके लिए रात 8 बजे 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। लेकिन एंबुलेंस करीब दो घंटे की देरी से पहुंची। प्रशासन ने इस देरी को गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई शुरू की है।

कर्तव्य में घोर लापरवाही मानते हुए जवाब मांगा

एसडीएम द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि आपातकालीन सेवा में इस तरह की देरी कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर चूक है। जिला कोऑर्डिनेटर से 22 जून 2026 तक व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उच्च कार्यालय को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।

कलेक्टर और स्वास्थ्य अधिकारियों को भी भेजी गई प्रति

नोटिस की प्रतिलिपि कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और खंड चिकित्सा अधिकारी फरसगांव को भी भेजी गई है, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button