BSP Scrap Scam: भिलाई स्टील प्लांट स्क्रैप चोरी मामले में दो और गिरफ्तार, जीएम समेत 15 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

भिलाई : स्टील प्लांट से लौह स्क्रैप चोरी के मामले में पुलिस ने जांच को आगे बढाते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी बीएसपी के कर्मचारी हैं, जिनमें एसएमएस-3 के महाप्रबंधक और एक इंजीनियरिंग एसोसिएट शामिल हैं। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 15 पहुंच गई है। पुलिस के अनुसार पिछले चार से पांच महीने से सुनियोजित तरीके से स्क्रैप चोरी की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर हुआ था बड़ा खुलासा
पुलिस को 26 मई को सूचना मिली थी कि भिलाई के हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित एके ट्रेडर्स के प्लॉट में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना के आधार पर की गई जांच में कई हाईवा, ट्रक और अन्य वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम और अन्य स्क्रैप सामग्री मिली। इसके अलावा परिसर में बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप अलग-अलग स्थानों पर रखा हुआ पाया गया।
फ्लू डस्ट की आड़ में हो रही थी स्क्रैप की चोरी
जांच में सामने आया कि भिलाई स्टील प्लांट से फ्लू डस्ट के परिवहन के दौरान आरोपियों द्वारा बीएसपी का लौह स्क्रैप चोरी कर अलग से जमा किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से करीब 250 टन लौह प्लेट, बीम और अन्य लौह सामग्री जब्त की। इसके साथ ही स्क्रैप के परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल किए जा रहे कई वाहन, जेसीबी, हाईड्रा और अन्य मशीनें भी जब्त की गईं।
बीएसपी के दो कर्मचारियों की भूमिका आई सामने
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बीएसपी के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में हिमांशु भूषण मलिक, जो एसएमएस-3 में महाप्रबंधक हैं, तथा मनोज कुमार देवांगन, जो इंजीनियरिंग एसोसिएट के पद पर कार्यरत हैं, शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश भी लगातार जारी है।
करोड़ों रुपये की सामग्री और वाहन जब्त
इस मामले में पुलिस ने लगभग 250 टन लौह प्लेट, बीम और अन्य लौह सामग्री जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा कई हाईवा, ट्रक, टाटा वाहन, जेसीबी, हाईड्रा और स्क्रैप छानने में इस्तेमाल होने वाली पांच मशीनें भी जब्त की गई हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये आंका गया है।
तकनीकी जांच के आधार पर हो रही लगातार कार्रवाई
पुलिस के अनुसार पूरे मामले की जांच तकनीकी विश्लेषण, साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर की जा रही है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस, विवेचना अधिकारियों और तकनीकी टीम की संयुक्त कार्रवाई में अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जांच आगे भी जारी रहेगी।




