छत्तीसगढ़

रायपुर में कथित नकली पनीर फैक्ट्री पर बवाल, जांच के लिए खाद्य विभाग ने लिया सैंपल

 रायपुर : राजधानी रायपुर के भाठागांव क्षेत्र में संचालित एक पनीर निर्माण इकाई को लेकर विवाद गहरा गया है। कथित तौर पर केमिकल के जरिए बिना दूध के पनीर तैयार किए जाने की शिकायत मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर सैंपल जब्त किए हैं। मामले को लेकर कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाए हैं और दावा किया है कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी मौजूद है।

अधिकारियों से मिलीभगत का लगाया आरोप

कांग्रेस नेता नवाज खान का आरोप है कि फैक्ट्री संचालक ने कैमरे के सामने यह स्वीकार किया कि उसकी संबंधित अधिकारियों से सांठगांठ है, इसलिए उसके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। इस दावे के सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। नवाज खान का यह भी कहना है कि शिकायत मिलने के बावजूद विभागीय टीम समय पर नहीं पहुंची, जिससे संचालक को तैयार माल और अन्य सामग्री हटाने का मौका मिल गया।

24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा प्रदर्शन

मामले को लेकर युवा कांग्रेस ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने फैक्ट्री को तत्काल सील करने और संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर खाद्य विभाग के कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

खाद्य विभाग बोला, जांच रिपोर्ट के बाद होगा फैसला

खाद्य अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद फैक्ट्री में जांच की गई और पनीर के सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि उत्पाद मानकों के अनुरूप है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button