छत्तीसगढ़

पीएम इंटर्नशिप योजना के तहत एनएमडीसी किरंदुल में 35 प्रशिक्षुओं का अभिमुखीकरण, मिलेगा आधुनिक औद्योगिक प्रशिक्षण

व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ कौशल विकास और रोजगार के अवसरों पर रहेगा फोकस

दुर्जन सिंह

बचेली/ किरंदुल। प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत एनएमडीसी लिमिटेड, बीआईओएम किरंदुल कॉम्प्लेक्स में चयनित 35 प्रशिक्षुओं के लिए शनिवार को अभिमुखीकरण (ओरिएंटेशन) एवं परिचय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रशिक्षुओं को योजना की रूपरेखा, प्रशिक्षण प्रक्रिया, कार्यस्थल की सुरक्षा, अनुशासन तथा विभिन्न विभागों में दिए जाने वाले व्यावहारिक प्रशिक्षण की जानकारी दी गई। चयनित प्रशिक्षुओं का नियमित प्रशिक्षण सोमवार, 13 जुलाई से प्रारंभ होगा। प्रशिक्षण के लिए चयनित युवाओं में दंतेवाड़ा, सुकमा सहित आसपास के आदिवासी अंचलों के युवा भी शामिल हैं.

प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को देश के प्रमुख औद्योगिक संस्थानों में व्यावहारिक अनुभव प्रदान कर उन्हें रोजगार के लिए अधिक सक्षम बनाना है। हाल ही में दंतेवाड़ा जिले में इसी योजना के अंतर्गत 480 आवेदनों में से 84 युवाओं का चयन कर नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए थे। उसी क्रम में अब एनएमडीसी किरंदुल कॉम्प्लेक्स में चयनित 35 प्रशिक्षु उद्योग आधारित प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

प्रशिक्षण के लिए चयनित युवाओं में ग्रेजुएट, इंजीनियरिंग, डिप्लोमा, आईटीआई तथा कोपा (COPA) ट्रेड के अभ्यर्थी शामिल हैं। इन्हें एनएमडीसी के विभिन्न विभागों में अनुभवी अधिकारियों के मार्गदर्शन में 9 माह तक औद्योगिक कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीक, सुरक्षा मानकों और कार्य संस्कृति का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनके कौशल और रोजगार की संभावनाओं में वृद्धि होगी। साथ मे स्टॉपेंड भी दिया जायेगा |

शनिवार को आयोजित अभिमुखीकरण कार्यक्रम में प्रोजेक्ट प्रमुख अधिशाषी निदेशक रविंद्र नारायण, मानव संसाधन विभाग की उपमहाप्रबंधक के. एल. नागवेणी, अभिजीत घोष, दीपक पाल, विवेक रक्षा, अजय कुमार, टी. आर. तिरुपति तथा विकास साहू सहित अन्य अधिकारियों ने प्रशिक्षुओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें प्रशिक्षण अवधि का अधिकतम लाभ उठाने और कार्यस्थल पर अनुशासन एवं सुरक्षा मानकों का पालन करने की सलाह दी।

Related Articles

Back to top button