छत्तीसगढ़

निर्माणाधीन पुलिया बनी मुसीबत- बारिश में कीचड़ से फिसलन, स्कूली बच्चों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी

पुराना मार्केट शिव मंदिर के पास लाल पानी नाला पुलिया निर्माण की धीमी रफ्तार पर उठे सवाल, दुपहिया वाहन चालकों पर मंडरा रहा हादसे का खतरा, पैदल चलना भी हुआ मुश्किल’’

दुर्जन सिंह

बचेली। नगर के पुराना मार्केट स्थित शिव मंदिर के समीप लाल पानी नाला पर निर्माणाधीन पुलिया इन दिनों आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। कई वर्षों से निर्माण कार्य जारी होने के बावजूद पुलिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है। बरसात शुरू होते ही निर्माण स्थल पर डाली गई मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो गई है, जिससे पूरे मुख्य मार्ग पर फिसलन और गंदगी फैल गई है। हालत ऐसी है कि इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के कारण सड़क पर फैला कीचड़ दुर्घटनाओं को खुला न्योता दे रहा है। सबसे अधिक खतरा दुपहिया वाहन चालकों के लिए बना हुआ है। हल्की सी चूक होने पर वाहन फिसलने की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो गया है और कई बार वाहन चालक फिसलते-फिसलते बचे हैं।

स्कूली बच्चों की बढ़ी मुश्किलें-

सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को हो रही है। प्रतिदिन सैकड़ों विद्यार्थी इसी मार्ग से होकर विद्यालय पहुंचते हैं। साफ-सुथरी यूनिफॉर्म पहनकर घर से निकलने वाले बच्चों के कपड़े स्कूल पहुंचने से पहले ही कीचड़ से खराब हो जाते हैं। सड़क पर पैदल चलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है, जिससे बच्चों को मजबूरी में कीचड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। बारिश के दौरान फिसलन बढ़ जाने से उनके गिरने और घायल होने का खतरा भी लगातार बना हुआ है।

राहगीरों को भी नहीं मिल रहा सुरक्षित रास्ता-

सिर्फ विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि बुजुर्ग, महिलाएं और रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले आम नागरिक भी परेशान हैं। सड़क पर कीचड़ फैल जाने से पैदल चलना कठिन हो गया है। कई स्थानों पर पानी और कीचड़ जमा होने के कारण लोगों को सड़क के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।

निर्माण की धीमी रफ्तार पर उठ रहे सवाल-

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया निर्माण कार्य काफी लंबे समय से चल रहा है, लेकिन इसकी गति बेहद धीमी है। यदि समय पर निर्माण कार्य पूरा हो जाता तो आज लोगों को इस तरह की समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ता। लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण के कारण हर मौसम में कोई न कोई नई परेशानी सामने आ रही है।

मिट्टी डालने से और बिगड़ी स्थिति-

पुलिया की गहराई भरने के लिए ठेकेदार द्वारा लगातार मिट्टी डाली जा रही है। लेकिन बरसात में यही मिट्टी कीचड़ बनकर पूरे मुख्य मार्ग पर फैल रही है। इससे सड़क की स्थिति और खराब होती जा रही है।

विभाग से कई बार की गई शिकायत-
पुलिया से जुड़ी समस्या को लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) दंतेवाड़ा के मुख्य कार्यपालन अभियंता को कई बार अवगत कराया गया है। हालांकि हर बार जल्द सुधार और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन अब तक जमीनी स्तर पर कोई ठोस व्यवस्था दिखाई नहीं दी है। लगातार मिल रहे आश्वासनों के बावजूद लोगों की परेशानी जस की तस बनी हुई है।

रुरुरु ’’जनता की मांगकृजल्द पूरा हो निर्माण कार्य’’

नगरवासियों ने मांग की है कि पुलिया निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही बारिश के दौरान सड़क पर फैल रहे कीचड़ को तत्काल हटाकर आवागमन के लिए सुरक्षित व्यवस्था की जाए, ताकि स्कूली बच्चों, राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके तथा किसी बड़ी दुर्घटना से पहले स्थिति में सुधार हो सके।

Related Articles

Back to top button