राष्ट्रीय

Election Results 2026: पांच राज्यों के नतीजों ने बदली सियासी तस्वीर, बंगाल में बीजेपी का बड़ा उलटफेर

 देश :  पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव 2026 के परिणाम अब पूरी तरह सामने आ चुके हैं और इस बार सबसे बड़ा राजनीतिक बदलाव पश्चिम बंगाल में देखने को मिला है। 294 सदस्यीय विधानसभा में 293 सीटों पर हुई मतगणना में बीजेपी ने 200 से ज्यादा सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। यह पहली बार है जब पार्टी ने राज्य की सत्ता पर कब्जा जमाया है। वहीं ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी को करारी हार का सामना करना पड़ा।

असम में तीसरी बार बीजेपी सरकार, हिमंत सरमा की पकड़ मजबूत
असम में भी बीजेपी ने अपना दबदबा बरकरार रखा है। 126 सीटों पर हुए चुनाव में हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। इस बार राज्य में 85 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया, जो मतदाताओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।

तमिलनाडु और केरल में रिकॉर्ड वोटिंग, जनता की बढ़ी भागीदारी
तमिलनाडु की 234 सीटों पर एक चरण में मतदान हुआ, जहां 85 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग दर्ज की गई। इसी तरह केरल की 140 सीटों पर 78.27 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि पुडुचेरी की 30 सीटों पर करीब 89.97 प्रतिशत मतदान ने लोकतंत्र में जनता की सक्रिय भागीदारी को मजबूत किया है।

शुभेंदु अधिकारी की दोहरी जीत, नंदीग्राम और भवानीपुर में लहर
पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत दर्ज की है। उन्होंने अपनी जीत को जनता के समर्थन का परिणाम बताते हुए राज्य के विकास के लिए काम करने की बात कही। जानकारी के मुताबिक उन्हें लगभग 10 हजार वोटों से जीत मिली।

हार के बाद ममता बनर्जी की प्रतिक्रिया पर नजर, आज प्रेस कॉन्फ्रेंस
चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी आज शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली हैं, जिसमें अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहेंगे। इससे पहले ममता ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए थे।

पीएम मोदी का विपक्ष पर तीखा हमला, ‘नारी शक्ति’ का जिक्र
चुनाव परिणामों के बाद नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि नारी शक्ति ने कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके जैसी पार्टियों को जवाब दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वालों को जनता ने सबक सिखाया है।केरल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वहां लेफ्ट के शासन से नाराजगी का लाभ कांग्रेस को मिला है, लेकिन भविष्य में जनता कांग्रेस से भी जवाब मांग सकती है।

Related Articles

Back to top button