सेजस कन्या उमा विघालय बचेली में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत, शाला प्रवेश उत्सव से शिक्षा के प्रति जगाया उत्साह

छात्र-छात्राओ का तिलक लगाकर हुआ स्वागत, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण, पालकों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में सहयोग का लिया संकल्प
दुर्जन सिंह
बचेली : नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर सेजस शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बचेली में 25 जून, शुक्रवार को शाला प्रवेश उत्सव का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी छात्राओं का आत्मीय स्वागत करने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित करना तथा पालकों की सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों, प्राचार्य, प्रधानपाठक एवं पालकों द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण किया गया।
मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद श्रीमती विलासिनी नाग ने छात्राओं को मन लगाकर अध्ययन करने की प्रेरणा देते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं उपस्थित पालकों ने विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम, अनुशासन एवं शिक्षकों की समर्पित कार्यशैली की सराहना करते हुए बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर प्राचार्य श्रीमती चंद्रकला ठाकुर ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने नवप्रवेशी छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी नियमित रूप से विद्यालय आए, अनुशासन का पालन करे और पूरे मनोयोग से अध्ययन कर अपने परिवार, विद्यालय तथा क्षेत्र का नाम रोशन करें। पालको की भी बैठक हुई। नया भवन व् छात्रो के लिए बस की व्यवस्था करने को लेकर भी चर्चा हुई है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्रीमती यामिनी उस्मानी ने प्रेरणादायी उद्बोधन दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती वंदना वहीदा बेगम द्वारा किया गया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी उपस्थित अतिथियों, पालकों एवं विद्यार्थियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, छात्राएँ, पालक एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विद्यालय परिसर में उत्साह, अपनापन और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल देखने को मिला, जिसने नए शैक्षणिक सत्र की एक प्रेरणादायी शुरुआत का संदेश दिया।




