Rajnandgaon Murder: बॉयफ्रेंड के प्यार में पत्नी बनी हैवान, पत्थर से कुचलकर की पति की हत्या, फिर रचा एक्सीडेंट का ड्रामा

Rajnandgaon Murder: राजनंदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव से बड़े कांड का खुलासा हुआ है. दरअसल, पुलिस ने चिचोला के ग्राम महाराजपुर में एनएच-53 के पास गड्ढे में मिले युवक के शव के मामले को सुलझा लिया है. पुलिस ने मृतक की बीवी और उसके बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया है. पुलिस की मानें तो, युवक की मौत सड़क हादसे में नहीं हुई थी, बल्कि उसकी हत्या की गई थी. आरोपियों ने हत्या को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की थी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
यह है पूरा मामला
पूरा मामला 10 अगस्त का बताया जा रहा है जब, प्रार्थी ओमप्रकाश साहू द्वारा पुलिस चौकी चिचोला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका भाई प्रेमलाल साहू,शाम लगभग 07:00 बजे से रात्रि 09:00 बजे के मध्य ग्राम महाराजपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास एन.एच.-53 के किनारे गड्ढे में घायल अवस्था में पड़ा मिला.
मृतक के मुंह, नाक एवं माथे पर चोट के निशान थे तथा खून बह रहा था. मृतक के दाहिने हाथ की उंगली के पास एक बड़ा मुरूम पत्थर पड़ा था, जिस पर खून के निशान पाए गए। घटना संदिग्ध परिस्थितियों में होने के कारण पुलिस चौकी चिचोला द्वारा मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई.
वरिष्ठ अधिकारियों ने की जांच
घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव श्री कीर्तन राठौर एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री केसरीनंदन नायक को दी गई. वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में पुलिस चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेश पटेल, सउनि. वीरेन्द्र नाविक एवं पुलिस स्टाफ द्वारा घटना के प्रत्येक संभावित पहलू की बारीकी से जांच की गई.
मृतक की पत्नी से हुई पूछताछ
जांच के दौरान घटनास्थल के साक्ष्यों, गवाहों एवं परिजनों से प्राप्त जानकारी तथा मोबाइल सीडीआर एवं लोकेशन आदि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नरबद साहू, पिता देवलाल साहू, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम पटपर तथा मृतक की पत्नी श्रीमती गंगोत्री साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम रामपुर को संदेह के आधार पर पूछताछ हेतु लिया गया.
हत्या करना स्वीकार किया
पुलिस द्वारा पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में आरोपियों द्वारा मृतक के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या करना स्वीकार किया गया.
जांच में यह भी सामने आया कि मृतक द्वारा अपनी पत्नी के साथ विवाद करते हुए उसे गाली-गलौच करना एवं घर से निकल जाने की धमकी देना, मृतक की पत्नी एवं नरबद साहू के बीच कथित अवैध संबंध, घटना के पीछे के प्रमुख कारणों के कारण मृतक की हत्या हुई. वहीं आरोपियों द्वारा घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है. दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.




