छत्तीसगढ़

बारिश ने खोल दी पोल या सियासत ने पकड़ा मुद्दा? अटल परिसर की प्रतिमा को लेकर छिड़ा घमासान

 कटघोरा। कोरबा जिले की कटघोरा नगर पालिका परिषद में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बनाए गए अटल परिसर की प्रतिमा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। प्रतिमा में कांस्य (ब्रॉन्ज) की जगह सीमेंट का इस्तेमाल किए जाने के आरोपों के बाद मामला राजनीतिक रंग ले चुका है। कांग्रेस ने इसे भ्रष्टाचार का गंभीर मामला बताते हुए सरकार पर हमला बोला है, जबकि युवा कांग्रेस ने कार्रवाई की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

बारिश के बाद सामने आया प्रतिमा का विवाद

राज्य सरकार की अटल परिसर योजना के तहत कटघोरा में निर्धारित मानकों के अनुसार कांस्य प्रतिमा स्थापित की जानी थी। लेकिन हाल की बारिश के बाद प्रतिमा का पेंट उखड़ने लगा, जिससे अंदर सीमेंट और अन्य सामग्री दिखाई देने का दावा किया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच के दौरान निर्माण में अनियमितताओं की आशंका जताते हुए विस्तृत जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के निर्माण में भी घोटाला किया गया है। उन्होंने कहा कि कांस्य प्रतिमा के नाम पर सीमेंट का उपयोग किया गया और यह भी जांच का विषय है कि बाहरी परत में इस्तेमाल धातु वास्तविक है या नहीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य का ठेका भाजपा से जुड़े व्यक्ति को दिया गया था।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा जिन नेताओं को अपना आदर्श बताती है, उनकी प्रतिमा के निर्माण में ही भ्रष्टाचार के आरोप लगना गंभीर मामला है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की।वहीं विधायक देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि कांस्य प्रतिमा के लिए स्वीकृत राशि का दुरुपयोग किया गया और वास्तविक कांस्य प्रतिमा की जगह सीमेंट की प्रतिमा तैयार कर दी गई।

युवा कांग्रेस का अनिश्चितकालीन धरना

मामले को लेकर युवा कांग्रेस ने भी आंदोलन शुरू कर दिया है। जिलाध्यक्ष विकास सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता नगर पालिका कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। उनकी मांग है कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी को तत्काल हटाया जाए और पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों व संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।विकास सिंह ने कहा कि अटल परिसर के निर्माण में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी हुई है। जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

जांच के बाद ही साफ होगी तस्वीर

फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि प्रतिमा निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाई गई है या नहीं तथा निर्माण में किसी प्रकार की अनियमितता या वित्तीय गड़बड़ी हुई है। वहीं इस विवाद ने प्रदेश की राजनीति को भी गर्मा दिया है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।

Related Articles

Back to top button