रायपुर में IPL का रोमांच शुरू, विराट कोहली समेत RCB टीम पहुंची, शहर हाई अलर्ट पर

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में IPL 2026 का क्रेज चरम पर पहुंच गया है। 10 साल बाद शहर को फिर से आईपीएल मुकाबलों की मेजबानी मिली है और इसी कड़ी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम शुक्रवार को रायपुर पहुंच गई। स्टार क्रिकेटर Virat Kohli समेत टीम के खिलाड़ियों का एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया।
एयरपोर्ट से टीम कड़ी सुरक्षा के बीच मायरा रिसॉर्ट के लिए रवाना हुई। खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट फैंस एयरपोर्ट और होटल के बाहर मौजूद रहे।
10 साल बाद रायपुर में IPL, क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह
राजधानी के Shaheed Veer Narayan Singh International Cricket Stadium में आईपीएल मुकाबलों को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 10 मई को Royal Challengers Bengaluru और Mumbai Indians के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाएगा।
इस मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फैंस को एक बार फिर मैदान पर Virat Kohli और Rohit Sharma की टक्कर देखने मिलेगी।
बॉलीवुड और उद्योग जगत की हस्तियां भी पहुंच सकती हैं
मैच के दौरान कई चर्चित हस्तियों के रायपुर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक अभिनेत्री Anushka Sharma और रोहित शर्मा की पत्नी रितिका सजदेह भी मैच देखने आ सकती हैं।
इसके अलावा Mukesh Ambani परिवार के भी मुंबई इंडियंस को सपोर्ट करने रायपुर पहुंचने की चर्चा है। बॉलीवुड और कॉर्पोरेट जगत की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
1500 से ज्यादा पुलिस जवान संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
आईपीएल मैचों को लेकर राजधानी में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। मुख्य सचिव विकासशील की हाईलेवल बैठक के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
सुरक्षा ड्यूटी में आईजी, डीआईजी और एसपी रैंक के 8 आईपीएस अधिकारियों समेत 20 राजपत्रित अधिकारियों की तैनाती की गई है। करीब 1500 पुलिस जवान पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा संभालेंगे।
डीआईजी गिरजाशंकर जायसवाल को सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है, जो आईजी रायपुर अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
स्टेडियम पहुंचने के लिए बनाए गए विशेष रूट
मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए स्टेडियम पहुंचने हेतु 5 अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। स्टेडियम में प्रवेश के लिए 12 गेट बनाए गए हैं, जबकि पैवेलियन क्षेत्र के लिए अलग से 3 गेट निर्धारित किए गए हैं।
रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर, बलौदाबाजार, धमतरी, जगदलपुर, महासमुंद और सरायपाली की दिशा से आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। पार्किंग के लिए साई अस्पताल, सेंध तालाब, परसदा और कोसा पार्किंग क्षेत्र तय किए गए हैं।
स्टेडियम के अंदर इन सामानों पर पूरी तरह प्रतिबंध
सुरक्षा कारणों से स्टेडियम के भीतर कई वस्तुओं के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। इनमें शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ, बोतल, टिफिन, छाता, धारदार वस्तुएं, पटाखे, लैपटॉप, लेजर लाइट, कैमरा, स्प्रे, झंडे, हॉकी स्टिक, लाउड हैलर और जानवर शामिल हैं।
पुलिस ने दर्शकों से अपील की है कि वे तय नियमों का पालन करें और समय से पहले स्टेडियम पहुंचें ताकि ट्रैफिक और प्रवेश व्यवस्था सुचारु बनी रहे।




