कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव: AICC ने जारी की 81 सचिवों की सूची, जितेंद्र बघेल-हरनाम सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन में एक बार फिर बड़ा बदलाव हुआ है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने प्रदेश के प्रभारी सचिवों की जिम्मेदारियों में फेरबदल करते हुए नए चेहरों को जगह दी है। इस बदलाव के तहत विजय जांगिड और संपत कुमार को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी से हटा दिया गया है, जबकि जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को प्रदेश का नया AICC सचिव बनाया गया है। वहीं जरिता लैतफलांग को भी छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी से हटाकर नॉर्थ ईस्ट राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब प्रदेश कांग्रेस संगठन में नए प्रभारी सचिवों की टीम काम करेगी।
कांग्रेस महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल ने नई नियुक्तियों और जिम्मेदारियों में बदलाव को लेकर प्रेस रिलीज जारी की है। इसमें विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और पार्टी के अलग-अलग विभागों के लिए AICC सचिवों की नियुक्ति और पुनर्नियुक्ति की जानकारी दी गई है। ये सभी बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।








