बचेली के बदहाल गौरव पथ से राहगीर परेशान, गड्ढों में तब्दील हुई सड़क, मरम्मत का इंतजार

मुख्यमंत्री पोर्टल और जिला कलेक्टर से शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधानय
विभाग ने टेंडर होने की बात कही, लेकिन वर्क ऑर्डर नहीं मिलने से काम शुरू होने में देरी की जानकारी
दुर्जन सिंह
बचेली-बचेली नगर के गौरव पथ की बदहाल स्थिति से आम जनता को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सेंट्रल वर्कशॉप से नगर पालिका कार्यालय जाने वाले मार्ग से आगे ढलान तक करीब दो किलोमीटर लंबे मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। पिछले कई महीनों से सड़क की स्थिति खराब होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के चलते कुछ स्थानों पर सड़क धंसने की स्थिति भी सामने आ रही है।

सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को संभलकर चलना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग विशेष रूप से परेशानी का कारण बना हुआ है। गड्ढों में गिरने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा सड़क से उड़ने वाली धूल भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गौरव पथ जैसे महत्वपूर्ण मार्ग की ऐसी स्थिति चिंताजनक है और इसकी मरम्मत जल्द से जल्द होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री पोर्टल से लेकर जिला कलेक्टर तक शिकायत, फिर भी राहत नहीं
गौरव पथ की खराब हालत को लेकर स्थानीय नागरिकों द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके साथ ही बचेली नगरवासियों ने जिला कलेक्टर को भी लिखित शिकायत सौंपकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की थी। इसके बावजूद अब तक सड़क के गड्ढों को भरने और मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

स्थानीय स्तर पर इस समस्या को समाचार माध्यमों के जरिए भी कई बार उठाया जा चुका है, लेकिन लोगों को अब तक स्थायी राहत नहीं मिल सकी है। नागरिकों का सवाल है कि जब सड़क की बदहाली की जानकारी संबंधित विभाग और प्रशासन तक पहुंच चुकी है, तो फिर मरम्मत कार्य शुरू होने में देरी क्यों हो रही है?
लोक निर्माण विभाग ने कहा- टेंडर हो चुका, जल्द शुरू होगा काम
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एसडीओ से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि बचेली-किरंदुल गौरव पथ की पैचवर्क के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। संबंधित ठेकेदार को कार्य शुरू करने के लिए कह दिया गया है और जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू किए जाने की बात कही गई है।

हालांकि, दूसरी ओर सूत्रो से मिली जानकारी के अनुसार, बचेली क्षेत्र में मरम्मत एवं पैचवर्क का कार्य सौंपे गए ठेकेदार को अब तक वर्क ऑर्डर नहीं मिला है। वर्क ऑर्डर जारी नहीं होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो पाने की बात सामने आई है। ऐसे में विभाग की ओर से जल्द काम शुरू होने के आश्वासन और जमीनी स्तर पर कार्य शुरू होने के बीच स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है।
धूल और गड्ढों से कब मिलेगी राहत?
गौरव पथ बचेली के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है, जहां से प्रतिदिन आम नागरिकों के साथ भारी वाहनों की भी आवाजाही होती है। सड़क की खराब स्थिति से न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। धूल के कारण भी आसपास के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
अब नगरवासियों की मांग है कि संबंधित विभाग और प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वर्क ऑर्डर जारी करने की स्थिति स्पष्ट करें और मरम्मत या पैचवर्क का कार्य शीघ्र शुरू कराएं। लोगों को उम्मीद है कि अब सड़क की वास्तविक स्थिति में सुधार होगा, ताकि उन्हें गड्ढों और धूल से राहत मिल सके।



