रायपुर में आज दुकानों पर नहीं होगा UPI से भुगतान, व्यापारी संघों ने गांधी जयंती पर किया कैश लेन-देन का ऐलान ,जानिए क्या है वजह

रायपुर : 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के मौके पर कुछ व्यापारी संगठनों ने डिजिटल पेमेंट के बजाय नकद लेन-देन करने का फैसला किया है। राजधानी के महादेव घाट रोड व्यापारी कल्याण संघ के साथ मोहबा बाजार व्यापारी संघ भी इस पहल का समर्थन कर रहा है। दोनों संगठनों की ओर से दुकानदारों से 2 अक्टूबर को UPI भुगतान स्वीकार नहीं करने और केवल कैश में कारोबार करने की अपील की गई है।
दुकानों पर लगाए जा रहे नो UPI डे के पोस्टर
मोहबा बाजार व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने विज्ञप्ति जारी कर व्यापारियों और आम लोगों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की है। संघ ने ग्राहकों से कहा है कि 2 अक्टूबर को खरीदारी के लिए नकद राशि लेकर आएं और कैश में भुगतान कर अभियान का समर्थन करें।वहीं महादेव घाट रोड व्यापारी कल्याण संघ से जुड़े दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर संघ की ओर से जारी पोस्टर भी लगाए हैं। इन पोस्टरों के जरिए ग्राहकों को पहले ही जानकारी दी जा रही है कि गांधी जयंती के दिन दुकानों पर सिर्फ नकद कारोबार किया जाएगा।
व्यापारी संगठनों की बैठक में भी सामने आया समर्थन
दक्षिण-एशियाई और प्रवासी व्यापारी संघ से जुड़े पदाधिकारियों की बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई। बैठक में सदस्यों ने इसे सांकेतिक विरोध के तौर पर समर्थन दिया।बैठक में अध्यक्ष विमल बाफना, राम चौरसिया, विनोद जोशी, राजकुमार अग्रवाल, प्रशांत भागवत, वैभव सालुंखे, ईश्वर सिंह, विनोद जैन और मोहन पटेल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
UPI पर MDR को लेकर व्यापारियों की आपत्ति
व्यापारी संगठनों की नाराजगी UPI से जुड़े संभावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट यानी MDR को लेकर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, चुनिंदा पर्सन-टू-मर्चेंट यानी P2M UPI लेन-देन में 2,000 रुपए से अधिक के भुगतान पर 0.4 प्रतिशत MDR का प्रावधान बताया गया है।वहीं 75,000 रुपए या उससे अधिक के भुगतान पर यह शुल्क अधिकतम 300 रुपए तक सीमित रहने की बात कही गई है। यह राशि ग्राहक से अलग से वसूलने के बजाय मर्चेंट की जिम्मेदारी होने की जानकारी दी गई है।
आज खरीदारी से पहले कैश रखना होगा जरूरी
रायपुर के जिन बाजारों में व्यापारी संघों ने नो UPI डे का समर्थन किया है, वहां ग्राहकों को खरीदारी के दौरान डिजिटल भुगतान के बजाय नकद राशि का इस्तेमाल करना होगा। ऐसे में इन बाजारों में जाने वाले लोगों के लिए खरीदारी से पहले पर्याप्त कैश साथ रखना उपयोगी रहेगा।




