सेवा से संकल्प- बचेली में विशेष शिविर, 32 आवेदन प्राप्त, 20 हितग्राहियों को मिली भवन अनुज्ञा

वार्ड क्रमांक 05 स्थित आरईएस मंगल भवन में लगा शिविर, विभिन्न शासकीय योजनाओं और नागरिक सेवाओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधा
बचेली- (दुर्जन सिंह)
राज्य शासन के नगरीय प्रशासन विभाग एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद बड़े बचेली द्वारा सेवा से संकल्प अभियान के अंतर्गत बचेली के वार्ड क्रमांक 05 स्थित आरईएस मंगल भवन में 28 सिंतबर, सोमवार को विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं नगर पालिका से संबंधित सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना रहा।

शिविर में प्रातः 10.30 से शाम 5बजे तक नागरिकों के लिए विभिन्न विभागों एवं योजनाओं से संबंधित काउंटर लगाए गए। इनमें विद्युत शाखा, महिला एवं बाल विकास विभाग, आधार कार्ड तथा नगर पालिका सेवाओं से संबंधित सुविधाएं शामिल रहीं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, पेंशन, पीएम सूर्य घर योजना, पेयजल, राशन कार्ड अनापत्ति तथा स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए गए, जहां नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। शिविर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 से जुड़ी रही। शिविर के दौरान 20 हितग्राहियों की भवन अनुज्ञा से संबंधित प्रक्रिया को सेवा सेतु पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करते हुए स्वीकृति जारी की गई। इससे संबंधित हितग्राहियों को योजना के तहत आगे की प्रक्रिया में सुविधा मिलेगी। शिविर में विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित कुल 32 आवेदन प्राप्त हुए, जिनकी सेवा सेतु पोर्टल पर एंट्री पूर्ण की गई।

नगर पालिका परिषद बड़े बचेली के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री पीटीएम कृष्णा राव ने शिविर की उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि सेवा से संकल्प जैसे विशेष शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं और नागरिक सेवाओं को लोगों तक सरल, त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका द्वारा नागरिकों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ लेते हुए योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं।




