छत्तीसगढ़

अगले 72 घंटे रहेंगे अहम! छत्तीसगढ़ में फिर बदलने वाला है मौसम, जानिए किन जिलों में होगी तेज बारिश

 छत्तीसगढ़ : सावन के बीच छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने वाला है। सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 4 अगस्त से अगले चार दिनों तक रायपुर सहित कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। कई स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

अब तक सामान्य से कम हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश उत्तरी छत्तीसगढ़ के इलाकों में हुई। इसके बावजूद पूरे प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम रिकॉर्ड की गई है।

रायपुर में बादल छाए रहेंगे, उमस से राहत के पूरे आसार नहीं

राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर बादलों का डेरा रहने की संभावना है। बीच-बीच में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश के बावजूद उमस पूरी तरह खत्म होने की संभावना कम है।

तीन मौसम प्रणालियां बढ़ा रही हैं बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार इस समय तीन प्रमुख मौसम तंत्र सक्रिय हैं। समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका अनूपगढ़, दिल्ली, शाहजहांपुर, बस्ती, छपरा होते हुए नागालैंड तक फैली हुई है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बिहार के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं आंध्र प्रदेश से लगे बंगाल की खाड़ी के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

इन इलाकों में सबसे ज्यादा बरसे बादल

बीते 24 घंटे में शंकरगढ़ में सबसे अधिक 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। कुसमी, रतनपुर, सक्ती और भोपालपट्टनम में 7 सेंटीमीटर, सुकमा और सकोला में 6 सेंटीमीटर, जबकि सरागांव और बीजापुर में 5 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई।इसके अलावा पेंड्रा, भैरमगढ़, करपावंड, छाल, बरमकेला, सरिया और बम्हनीडीह में 4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य कई हिस्सों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हुई।

Related Articles

Back to top button