छत्तीसगढ़

स्कूल में एक के बाद एक 5 छात्राएं हुईं बेहोश, मचा हड़कंप; एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर

 बालोद :  शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोलझर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षा 9वीं और 10वीं की पांच छात्राएं अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद स्कूल प्रशासन और शिक्षकों में हड़कंप मच गया। सभी छात्राओं को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा।

कक्षा के दौरान अचानक बिगड़ी छात्राओं की तबीयत

मिली जानकारी के अनुसार, सबसे पहले 10वीं कक्षा की छात्रा तिजिया यादव को चक्कर आया और वह जमीन पर गिर गई। कुछ ही देर में उसकी सांसें तेज चलने लगीं और उसकी स्थिति बिगड़ने लगी। शिक्षकों ने तत्काल आपातकालीन सहायता के लिए एंबुलेंस बुलवाई।

इसके बाद विद्यालय में मौजूद अन्य छात्राएं यूहाना कोमरे, लिलिमा चंद्रवंशी, भूमिका और 9वीं कक्षा की छात्रा नितेश्वरी ने भी चक्कर, सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत की। देखते ही देखते वे भी बेहोश होकर गिर पड़ीं, जिससे पूरे स्कूल परिसर में चिंता का माहौल बन गया।

तीन छात्राओं को अस्पताल ले जाया गया

स्थिति गंभीर होते देख छात्राओं को प्राथमिक उपचार के लिए डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने सभी की जांच कर उपचार शुरू किया। जांच के दौरान यूहाना चंद्रवंशी की हालत अपेक्षाकृत गंभीर पाई गई, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बालोद रेफर कर दिया गया।

दो छात्राओं को इलाज के बाद मिली छुट्टी

अस्पताल में उपचार के बाद दो छात्राओं की हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया। वहीं अन्य छात्राओं का इलाज चिकित्सकीय निगरानी में किया गया। कुछ छात्राओं को घर पर ही आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।

भोजन नहीं करने की आशंका पर चर्चा

विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि कुछ छात्राएं सुबह पर्याप्त भोजन किए बिना स्कूल पहुंची थीं। प्रारंभिक तौर पर कमजोरी और खाली पेट रहने की वजह से चक्कर आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी।

पिछले वर्ष भी सामने आई थी ऐसी घटना

परिजनों के अनुसार विद्यालय में इससे पहले भी इसी तरह की घटना हो चुकी है। ऐसे में अभिभावकों ने मामले की गंभीरता से जांच कराने और छात्राओं के स्वास्थ्य संबंधी कारणों का पता लगाने की मांग की है।

स्वास्थ्य विभाग की नजर, जांच के बाद होगा खुलासा

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और स्कूल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। छात्राओं की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्राओं के एक साथ बीमार होने की वास्तविक वजह क्या थी।

Related Articles

Back to top button